सकलडीहा। तहसील परिसर में अधिवक्ता उपेंद्र नारायण सिंह के साथ हुई मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक वरुणेंद्र राय तहसील पहुंचे और अधिवक्ताओं से घटना के संबंध में बयान दर्ज कर मामले की जानकारी जुटाई। इस दौरान अधिवक्ताओं ने आरोपी राजस्व लिपिक की गिरफ्तारी की मांग दोहराई।
ज्ञात हो, तहसीलदार कार्यालय में खतौनी संशोधन की फाइल रोके जाने को लेकर प्रभारी राजस्व लिपिक साकिब अर्सलान और वरिष्ठ अधिवक्ता उपेंद्र नारायण सिंह के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान हुई मारपीट में अधिवक्ता के चेहरे और सीने पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कुंदन राज कपूर ने राजस्व लिपिक साकिब अर्सलान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर आरके दफ्तर से संबद्ध कर दिया है। साथ ही तहसीलदार के नेतृत्व में विभागीय जांच समिति का गठन भी किया गया है। पुलिस जांच के दौरान अधिवक्ताओं ने निष्पक्ष कार्रवाई और आरोपी की जल्दी गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान अधिवक्ता अजय कुमार सिंह, जनार्दन मिश्रा, उपेंद्र नारायण सिंह, राजगोपाल सिंह, आलोक पांडेय, अतुल सिंह आदि मौजूद रहे।