प्रश्न पत्र का मिलान करते शिक्षक।
यूपी बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को शाम की पाली में इंटरमीडिएट गणित विषय का द्वितीय प्रश्नपत्र लीक हो गया। सैयदराजा और धानापुुर क्षेत्र में सुबह आठ बजे से ही लीक प्रश्नपत्र पांच सौ से एक हजार रुपये में बिके। जिलाधिकारी ने राजकीय विद्यालय के दो शिक्षकों को लीक प्रश्न पत्र और मूल प्रश्न पत्र का मिलान करवाया। शिक्षकों ने महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में प्रश्नपत्रों का मिलान कर लीक होने की पुष्टि की। इस पर डीएम ने एडीएम को मामले की जांच कर जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।
यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल रुकने का नाम नहीं ले रही है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में कई महत्वपूर्ण विषयों के प्रश्न पत्र लीक होने के मामले सामने आए। लेकिन प्रशासन इस पर रोकथाम नहीं कर पा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को शाम की पाली में इंटर गणित विषय की परीक्षा का प्रश्न पत्र भी सैयदराजा और धानापुर बाजार में सुबह से ही बिकना शुरू हो गया। लोगों ने इसे पांच सौ से एक हजार रुपये में खरीदा। डीएम तक जब यह बात पहुंची, तो डीएम के निर्देश पर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक पारस नाथ ने राजकीय विद्यालय के दो शिक्षकों से गणित के लीक प्रश्नपत्र और परीक्षा में वितरित प्रश्नपत्रों का मिलान भी कराया। इसमें सभी प्रश्न समान मिलेे।
इसके बाद डीएम के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी राजेंद्र कुमार सिंह महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज पहुंचे और उन्होंने भी मामले की पड़ताल की। साथ ही केंद्र का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। इसके बाद जो तथ्य सामने आएगा उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।