पीडीडीयू नगर। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशक शिक्षकों ने रविवार को जिला मुख्यालय स्थित शंकर मोड़ के पास डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई। उन्होंने प्रदेश सरकार पर 14 वर्षों से उनके अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। साथ ही बकाया एरियर का भुगतान करने और नियमित शिक्षकों के समान वेतन व सुविधाएं देने की मांग की।
अनुदेशक शिक्षकों ने कहा कि वे लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सरकार के विभिन्न स्तरों पर ज्ञापन देने और पैरवी करने के बावजूद उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका मामला न्यायिक प्रक्रिया से गुजरते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों की शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के बावजूद उन्हें अपने अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है।
अनुदेशकों ने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरणा लेकर सत्य और अहिंसा के मार्ग पर अपनी मांग उठाने की बात कही। उन्होंने सरकार से न्यायालय के निर्णय का सम्मान करते हुए लंबित एरियर का जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह, अमरनाथ राय, रामनरेश यादव, संतोष कुमार, नरेंद्र कुमार, स्वदेव कुमार, धनंजय कुमार, रमेश कुमार, अजित कुमार, कुलकर्णी देवा आदि मौजूद रहे। संवाद