बलुआ गंगा घाट पर स्नान करते लोग। संवाद
- फोटो : Archive
चहनिया। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर स्नान-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते बलुआ बाजार में करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा।
नवरात्र के पहले दिन गंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और हर-हर बम-बम के जयकारे के बीच स्नान किया। हालांकि, भीड़ के बावजूद घाट पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस व्यवस्था नहीं दिखी। इससे स्नान के दौरान अव्यवस्था की स्थिति बनी रही।
उधर, बलुआ बाजार में वाहनों और श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। राहगीरों को पैदल निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से नवरात्र के शेष दिनों में घाट पर बैरिकेडिंग कराने, गोताखोरों की तैनाती करने और पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही बाजार में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की अपील की, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
हालांकि बलुआ थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस की तैनाती की गई थी। संवाद