चंदौली। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में लापरवाही की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने सीएमओ को चहनिया के प्रभारी चिकित्साधिकारी का वेतन रोकने और सदर के प्रभारी चिकित्साधिकारी को वहां से तत्काल हटाकर किसी दूसरे की तैनाती करने का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट में शनिवार को हुई समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएमओ डॉ.वाईके राय को आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत ज्यादा से ज्यादा जांच कराने और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय का भुगतान को समय पर करने की हिदायत दी। उन्होंने जिले में एंबुलेंस सेवा 108 व 102 की समीक्षा की। उन्होंने एंबुलेंस सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। साथ ही सीएम डैश बोर्ड पर स्वास्थ्य विभाग की रैंकिंग में सुधार लाने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सीएमओ को जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर एक्सरे मशीन, एक्सरे रूम न हो, उनका प्रस्ताव भेजने और नौगढ़ क्षेत्र में बेहतर अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था कराने का भी निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ आर जगत सांई, सीएमओ डॉ. वाईके राय के अलावा कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।