चंदौली। मुगलसराय कोतवाली के कटरिया गांव के समीप रोड पर मंगलवार को एआरटीओ के वाहन की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम घायल हो गया। घटना में बच्चे का पैर फ्रैक्चर हो गया। आनन-फानन में एआरटीओ ने अपने वाहन से इलाज़ के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
कटरिया गांव निवासी राजकुमार यादव का चार वर्षीय पुत्र आदर्श यूकेजी छात्र है। वह स्कूल से घर आ रहा था, तभी सड़क किनारे बरसात का पानी जमा होने के कारण सड़क किनारे चला गया। इसी दौरान अचानक एआरटीओ की गाड़ी आ गई और वह वाहन की चपेट में आ गया। घटना के बाद वाहन में मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन अधिकारियों ने आदर्श को अपने वाहन से पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दिया। कुछ ही देर में परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। ईएमओ डॉ अजय ने बताया कि आदर्श की हालत सामान्य है। उसके पैर में चोट के कारण उसे भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।