चकिया। स्थानीय कोतवाली के हरिपुर बाड़ेपर के पास रविवार की देर रात लग्जरी वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल मिठाई राम (40) की इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में देर रात मौत हो गई। वे चुप्पेपुर गांव के निवासी रहे। रात में शव गांव में पहुंचते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
चुप्पेपुर गांव निवासी मिठाई राम तथा धनावल कला गांव निवासी बनारसी (45) मजदूरी कर देर शाम अपने घर लौट रहे थे। सडक पार करते समय चकिया की ओर से तेज गति से पीडीडीयू नगर की ओर जा रही लग्जरी वाहन से धक्का लगने से दोनों घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग भारी संख्या में मौके पर जुट गए। आसपास लोगों ने घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद मिठाई राम की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर जाते समय रास्ते में ही मिठाई राम ने दम तोड़ दिया। गांव में शव आते ही परिवारीजनों मे दुख का पहाड टूट पडा और रोने बिलखने लगे। सोमवार की सुबह शव को लेकर परिजन व ग्रामीण कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कोतवाल रहमतुल्लाह खां ने बताया कि घटना में शामिल वाहन के बारे में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और मुखबिरों के माध्यम से वाहन का नंबर हासिल कर वाहन चालक के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चकिया। चुप्पेपुर गांव में मिठाई राम का ससुराल था। वह शादी के बाद से ही यहां पत्नी धर्मशीला व सात बच्चों के साथ रहते थे। मेहनत मजदूरी कर परिवार का जीवकोपार्जन कर रहे थे। उनकी मौत से विधवा सहित बच्चों का जीवन गुजर बसर कैसे यह सोचकर लोग सिहर जा रहे थे। विधवा समेत बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। पूर्व प्रधान पप्पू यादव, युवा समाजसेवी अजय सिंह आदि लोगों ने पीड़ित परिवार को ढाढस बधाते हुए आर्थिक मदद की।