रूस निवासी दंपती का ट्रेन में गुम हुआ मोबाइल डिप्टी एसएस व टीटीई की वजह
से रविवार को सकुशल मिल गया। मोबाइल मिलने के बाद दंपती ने कहा कि ‘इंडियन
आर वेरी नाइस एंड हेल्पफुल। आई लव इंडिया।’ यह वाकया नई दिल्ली से
इस्लामपुर जा रही मगध एक्सप्रेस में रविवार को हुआ।
मगध
एक्सप्रेस के एसी कोच ए 1 के बर्थ संख्या 8 व 10 पर रूस के मास्को शहर
निवासी दिमत्री अपनी पत्नी ऐलीजावेता के साथ आगरा से मुगलसराय आ रहे थे।
यात्रा के दौरान दिमत्री का मोबाइल उसकी जेब से कोच में कहीं गिर गया।
मुगलसराय स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद जब दिमत्री ने मोबाइल खोजा तो वह
नहीं मिला। तब तक ट्रेन भी जा चुकी थी। उसने इस घटना की जानकारी डिप्टी
एसएस कार्यालय में डिप्टी एसएस संतोष कुमार सिंह को दी।
उन्होंने उक्त
ट्रेन के टीटीई से संपर्क साधा और कोच में विदेशी सैलानी का मोबाइल गिरे
होने की बात कहकर उसके मिलने पर दिलदारनगर स्टेशन मास्टर को देने को कहा।
कुछ
ही देर बाद टीटीई को वह मोबाइल मिल गया और उसे दिलदारनगर स्टेशन मास्टर को
दे दिया। दिलदारनगर एसएम ने मुगलसराय आ रही पटना सिकंदराबाद एक्सप्रेस के
गार्ड को उक्त मोबाइल दे दिया। ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने पर गार्ड ने
मोबाइल को डिप्टी एसएस के सुपुर्द कर दिया, जहां दंपती बैठे हुए थे। दंपती
ने बताया कि मोबाइल में उनकी यात्रा के सुनहरे पल कैद हैं।