चंदौली। तेजी से बदलते मौसम ने लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। कभी तेज धूप तो कभी अचानक बदली और बरसात से तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। इसके चलते बड़ी संख्या में लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों प्रतिदिन 1400 से ज्यादा मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं। इनमें से सबसे ज्यादा मरीज वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश, पेट दर्द और डायरिया से पीड़ित हैं।
जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि पर्ची काउंटर से लेकर चिकित्सक कक्ष तक लंबी कतारें लग रही हैं। पैथोलॉजी लैब में भी जांच कराने वालों की भीड़ बढ़ गई है। यहां मलेरिया, डेंगू और टायफाइड की जांच प्राथमिकता से कराई जा रही है, ताकि समय रहते गंभीर बीमारियों की पहचान हो सके।वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. सत्य प्रकाश और डॉ. आर.के. वर्मा ने बताया कि बदलते मौसम की वजह से वायरल संक्रमण और पेट की बीमारियों में तेजी से इजाफा हुआ है। रोजाना करीब 300 से ज्यादा मरीज केवल वायरल बुखार, खांसी-जुकाम और पेट दर्द के अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि लोग अक्सर लापरवाही बरतते हैं, जिससे बीमारी और गंभीर हो जाती है। चिकित्सक मरीजों को दवा के साथ-साथ सावधानी बरतने की सलाह भी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उपचार से बीमारी को बढ़ने से रोका जा सकता है।
घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। ठंडी सामग्री, बाजार का भोजन और तैलीय पदार्थ खाने से बचें। बुखार-खांसी होने पर खुद को क्वारंटीन कर लें।
किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या चिकित्सक से संपर्क करें। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर इलाज में देरी न करें।