मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हौर में शनिवार की शाम पुलिस चौकी के नव निर्मित भवन का लोकार्पण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया।
कहा कि पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आमजन को पुलिस सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
एसएसपी ने कहा कि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बम्हौर में पुलिस चौकी की स्थापना आवश्यक थी। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण सलीम अशफाक ने भूमि विवाद का मामला उठाया।
इस पर एसएसपी ने निर्देश दिया कि भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर कार्रवाई करे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि शिकायतकर्ता कार्रवाई से संतुष्ट न हो तो वह सीधे उच्च अधिकारियों से संपर्क कर सकता है।
इस अवसर पर एसपी सिटी मधुबन सिंह, एसपी ग्रामीण चिराग जैन, सीओ सदर आस्था जायसवाल, पुलिस उपाधीक्षक शशि मौली पांडेय, चौकी प्रभारी आशुतोष मौर्य, एसआई सतीश कुमार, एसआई धर्मेंद्र शर्मा, सिपाही संदीप शर्मा, ग्राम प्रधान अब्दुर्रहमान आदि उपस्थित रहे।