जिले की सीमा से सटे बिहार के खजूरा बाजार में शुक्रवार की देरशाम कार सवार बदमाशों ने चंदौली के दो युवकों को गोलियों से छलनी कर दिया। एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरे का चंदौली जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद बदमाश भाग। बिहार पुलिस ने घायल को चंदौली जिला अस्पताल पहुंचाया । जिला अस्पताल में कई थानों की पुलिस पहुंच गई। सैयदराजा थाने के भतीजा गांव निवासी तारकेश्वर पासवान (28) और सदर कोतवाली के झांसी गांव निवासी कृष्णा पासवान (28) शुक्रवार को किसी काम से बिहार के दुर्गावती थाने के खजुरा बाजार गए थे। शाम चार बजे वे बाइक से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कार से आए बदमाशों में दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तारकेश्वर के सिर, पैर और पेट में गोली लग गई। वहीं कृष्णा के बाएं हाथ और बाएं पैर में गोली लगी। इससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए मौके से भाग गए। आस-पास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज़ के दौरान तारकेश्वर की मौत हो गई। वहीं कृष्णा का इलाज चल रहा है। अस्पताल में इमरजेंसी में तैनात मेडिकल ऑफिसर चंद्रमणि सिंह ने बताया कि गोली से जख्मी दो युवकों को अस्पताल में लाया गया। यहां एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा जख्मी है।
बताया कि सैयदराजा थाने के भतीजा गांव निवासी तारकेश्वर पासवान के पिता गोविंद कोलकाता में निजी फैक्टरी में काम करते थे। बीमार होने के बाद वह पिछले कुछ दिनों से घर पर ही रह रहे हैं। तारकेश्वर दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत के बाद पिता गोविंद, माता माधुरी और छोटा भाई भोदू रो रोकर बेहाल हो गए।
आठ दिन में दूसरी हत्या :
जिले के धानापुर में एक मई को राजकुमार उर्फ मुट्टन की हत्या का मामला चल ही रहा है। इसका खुलासा भी नहीं हुआ है। आठ दिन बाद सैयदराजा के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हत्याकांड में भी आपसी रंजिश का मामला हो सकता है। तारकेश्वर कई छोटे मोटे काम में लगा हुआ था। तारकेश्वर के साथ रहे और गोली से जख्मी सदर कोतवाली के झांसी गांव निवासी कृष्णा पासवान भी इस कांड के बारे में कुछ नहीं बताया है। कृष्णा ने बताया कि हम लोग दुकान पर बैठे थे। इसी बीच कार से चार बदमाश आए और बिना पूछे उन पर गोली चला दी। संवाद