अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर सिंघीताली पुल पर शनिवार को दोपहर में दो बजे पतंग लूटने के लिए सड़क पर भाग रहे बालक को ट्रेलर ने कुचल दिया। इससे बालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी विभत्स थी कि बालक का शव के चीथड़े सौ मीटर तक बिखरे थे। जब तक लोग जुटते ट्रेलर चालक वाहन लेकर भाग गया। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। बाद में मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने समझा बुझाकर शांत कराया और शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सिंघीताली गांव निवासी विक्रम यादव का पुत्र शनि यादव (12) दोपहर में घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच उसे कटी पतंग दिखी और दोपहर में दो बजे लूटने के लिए दौड़ पड़ा। वह दौड़ते दौड़ते हाइवे पर चला गया। इसी बीच वाराणसी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने शनि को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद एकत्र लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीण आर्थिक मुआवजा और ट्रेलर चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम मुगलसराय सत्येंद्र सिंह और सीओ सदर प्रमोद यादव ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। आश्वासन दिया कि आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।