रमाशंकर सिंह पटेल ने इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. वाईके राय से भी मुलाकात की और निर्देश दिया कि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा पीड़िता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर उनकी पहले ही पुलिस अधीक्षक चंदौली से फोन पर बातचीत हो चुकी थी। शनिवार को भी उन्होंने मामले में चर्चा की, जिस पर पुलिस प्रशासन की ओर से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा करने वालों को किसी भी कीमत पर संरक्षण नहीं मिलेगा।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में किसी प्रकार के दबाव में आकर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो सरदार सेना आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। घटना को लेकर जिले में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात कर रहे हैं।