पीडीडीयू नगर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्णब का असर जिले के मौसम पर भी दिखने लगा है। बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। शाम को हवा चलने से मौसम में बदलाव आया। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से शनिवार तक गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है।
संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने के साथ उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और पुलिस, स्वास्थ्य व अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है। कृषि विभाग को किसानों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है। किसानों से तैयार फसलों की कटाई करने और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है। गांवों में मुनादी और स्थानीय माध्यमों से मौसम संबंधी चेतावनी प्रसारित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इनसेट-
जर्जर मकानों में रहने वालों को सतर्क रहने के निर्देश
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जर्जर व असुरक्षित मकानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे मकानों में रहने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों या राहत शिविरों में पहुंचाने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में खुले मैदान, जलभराव वाले क्षेत्रों और ऊंचे पेड़ों के नीचे आश्रय नहीं लेने की अपील की है। साथ ही अनावश्यक आवागमन से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
इनसेट-
दामिनी और सचेत एप डाउनलोड करने की अपील
प्रशासन ने लोगों को दामिनी और सचेत एप डाउनलोड करने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आकाशीय बिजली गिरने और खराब मौसम से संबंधित चेतावनियां समय पर मिल सकें। जनहानि, पशुहानि या फसल क्षति होने पर तत्काल आकलन कर राहत उपलब्ध कराने और संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं।