पीडीडीयू नगर। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने फूड सेफ्टी कनेक्ट एप लाॅन्च किया है। इस एप के माध्यम से उपभोक्ता मिलावटखोरी की ऑनलाइन शिकायत कर सकते हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से एप से जुड़े पोस्टर होटल, रेस्तरां और दुकानों पर चस्पा किए जा रहे हैं। इस पर छपे क्यूआर कोड को स्कैन कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है।
मिलावटी खाद्य पदार्थ खाने से लोगों की सेहत पर विपरीत असर पड़ता है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त कुलदीप सिंह ने बताया कि एप के माध्यम से दर्ज होने वाली शिकायत का संज्ञान लेकर उसका त्वरित निपटारा किया जाएगा। विभाग के उच्चाधिकारी अधिकारी को मौके पर भेजेंगे, जो जांच के लिए नमूने आदि लेंगे। उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद दो दिन के भीतर कार्रवाई कर दी जाएगी। एप की मदद से उपभोक्ता मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों की जानकारी फोटो के साथ साझा कर सकते हैं। विभाग जल्दी ही जागरूकता अभियान भी शुरू करेगा।