विंध्याचल थाना क्षेत्र के पटेगरा नाला पुल के पास बुधवार को वाहन स्टैंड पर चालक की मौत के मामले में मृतक के भाई ने साथ आए लोगों पर लापरवाही बरतने और असंवेदनशील होने का आरोप लगाया है। बताया कि उसको जो वीडियो दिखाया गया है। उसमें उसके भाई की सांस चल रही है। अस्पताल ले जाने के बजाये वीडियो बनाया गया।
थानाध्यक्ष अजित सिंह ने बताया कि गोरखपुर के खोराबार निवासी पीतांबर शुक्ला (45) बुधवार की सुबह में वाराणसी जनपद से गाड़ी से सवारी लेकर मां विंध्यवासिनी देवी दरबार में दर्शन पूजन कराने आए थे। विंध्याचल धाम क्षेत्र के पटेगरा नाला पुल के पास एक वाहन स्टैंड में गाड़ी खड़ी की। सभी यात्री गंगा स्नान दर्शन एवं मुंडन संस्कार कराने के लिए चले गए। दोपहर लगभग तीन बजे दर्शन पूजन कर सभी सवारी वाहन स्टैंड में पहुंचे। गाड़ी की चारों तरफ के गेट खुला था। सीट पर चालक लेटा हुआ था। जगाने लगे लेकिन नहीं उठा। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर मृत होने पर शव को पीतांबर के परिजन को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पीतांबर का भाई विजय पहुंचा था। पुलिस जब पहुंची तो पीतांबर की मौत हो चुकी थी।