नगर के हनुमानपुर अहिरान बस्ती में खराब सड़क की मरम्मत की गुहार पर लगाने पर किसी ने नहीं सुनी तो रविवार को वार्ड वासियों ने फावड़ा, कुदाल उठाया और कुछ ही देर में पूरी सड़क तैयार कर दी। आपस में चंदा और श्रमदान कर और वार्डवसियों ने पालिका और जिला प्रशासन को आइना दिखाया। वार्डवासियों ने संदेश दिया कि प्रशासन नहीं सुनेगा तो वह स्वयं ही अपना काम करेंगे।
पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर में सड़कों की स्थिति बदहाल है। बारिश होने के बाद सड़कों पर चलना दूभर हो जाता है। नगर के वार्ड नंबर 15 लाठ नंबर दो भाग दो के हनुमानपुर में सड़कों की स्थिति सबसे खराब है। नई सट्टी काली महाल से हनुमानपुर अहिरान बस्ती में बंगाली दादा के मकान तक जाने वाले रास्ते पर चलना मुश्किल हो गया है। मार्ग की मरम्मत के लिए वार्ड के लोगों ने कई बार सभासद ओर चेयरमैन से शिकायत की। बावजूद इसके मार्ग की मरम्मत नहीं हुई। इस पर वार्ड के लोगों ने स्वयं मार्ग मरम्मत का निर्णय लिया। वार्ड के जितेन्द्र यादव के नेतृत्व में लोगों ने आपस में चंदा एकत्र किया और रविवार की सुबह फावड़ा, कुदाल आदि लेकर स्वयं मरम्मत कार्य में जुट गए। घंटों मेहनत के बाद सड़क पूरी तरह ठीक हो गई।