इलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के कवलपुरवा गांव में शनिवार सुबह एक विवाहिता का शव उसके कमरे में पाया गया। मृतका का पति सोनभद्र जिले में अपनी बहन के घर राख बंधवाने गया था। पत्नी की मौत की सूचना मिलने पर वह शनिवार का घर लौटा। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी मृतका के भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कवलपुरवा गांव निवासी धर्मेंद्र द्विवेदी की पत्नी मधु द्विवेदी (32) का शव शनिवार को कमरे में मिला। परिजनों के अनुसार सुबह घर के लोग कमरे में पहुंचे तो मधु मृत अवस्था में पड़ी थी। परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र शुक्रवार को राखी बंधवाने के लिए अपनी बहन के घर सोनभद्र गया था।
परिवार के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मृतका के भाई प्रशांत पाठक को बहन की मौत की जानकारी हुई। उन्होंने मामले की सूचना इलिया पुलिस को दी।
इसके बाद पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मधु द्विवेदी का मायका बस्ती जिले में है। मां की मौत के बाद आठ साल के बेटे आयान और पांच साल के इयांश बिलखते रहे। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मृतका के भाई प्रशांत पाठक ने तहरीर देकर ससुराल वालों पर बहन की हत्या का आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पता चल पाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। संवाद