स्थानीय कोतवाली पुलिस ने फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या करने वाले बीडीसी सदस्य भगवान दास को बुधवार को कुचमन रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़े को भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार हत्यारोपी कहीं भागने की फिराक में था। हत्यारोपी का चालान कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
सकलडीहा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार ने बताया कि क्षेत्र के बथावर गांव निवासी बीडीसी सदस्य भगवान दास ने मंगलवार की सुबह अवैध संबंध की शक में अपनी पत्नी क्रीमकला का फावड़े से हमला कर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद भगवान दास मौके से भाग गया था। पुलिस ने भगवान दास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश कर रही थी। इस बीच बुधवार को सूचना मिली कि हत्यारोपी भगवानदास कुचमन रेलवे स्टेशन के पास है और कहीं भागने की फिराक में है। इस सूचना के बाद पुलिस टीम स्टेशन पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भगवान दास का चालान किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।