अपर स्वास्थ्य निदेशक वाराणसी डा. बीएन सिंह ने मंगलवार को मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल व मातृ शिशु अस्पताल (एमसीएच विंग) का औचक निरीक्षण किया। जहां अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने व ओपीडी चिकित्सकों के यहां निजी पैथालाजी की पर्ची मिलने और एमसीएच विंग में स्वस्थ शिशुओं को एसएनसीयू में भर्ती करने पर नाराजगी जताई। वहीं मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने पर बल दिया और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
अपर स्वास्थ्य निदेशक वाराणसी डा.बीएन सिंह के निरीक्षण में मंगलवार को जिला अस्पताल व एमसीएच विंग में कमी मिली। जहां ओपीडी में चिकित्सकों के टेबल पर निजी पैथालॉजी केंद्रों के पंफलेट व पर्चियां मिली। इस पर सीएमएस डा. अरविंद सिंह व चिकित्सकों को फटकार लगाई । प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र व औषधि कक्ष के स्टाक रजिस्टर का अवलोकन कर दवाइयों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली और सीएमएस को जरूरत के हिसाब से दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा आवश्यकता के अनुरूप पहले ही दवाइयों की मांग भेज दें, ताकि समय से आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बर्न यूनिट और वार्डों का निरीक्षण में गंदगी मिली इस पर नाराजगी जताई और मरीजों ने बेड की चादरें नियमित बदलने का निर्देश दिया। एमसीएच विंग में प्रयोगशाला में केवल एक स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित मिली। लैब में नियुक्त अन्य चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद नहीं थे। लेबर रूम में ताला बंद मिला। आधा दर्जन स्वस्थ शिशुओं को एसएनसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। इस दौरान प्रभारी सीएमओ डा.डीके सिंह, सीएमएस डा. अरविंद सिंह, डा.केके सिंह, विद्घुत प्रकाश, प्रमोद पांडेय, सतीश सिंह रहे।