पीडीडीयू नगर। जनपद के पांच तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें फरियादियों ने राजस्व सहित अन्य मामलों में 299 प्रार्थना पत्र सौंपे, इसमें मात्र 11 का ही मौके पर समाधान किया गया। शेष मामलों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया गया।
चकिया संवाददाता के अनुसार तहसील सभागार में डीएम नवनीत सिंह चहल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 70 प्रार्थनापत्रों में तीन का निस्तारण मौके पर किया गया। किसानों के सम्मान निधि का लाभ देने में राजस्व व कृषि विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही की शिकायत पर डीएम ने निर्धारित नियम-कानून के तहत लाभ देने का निर्दश दिया। इसमें लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। भाकियू के सदस्यों के चंद्रप्रभा प्रखंड के नहरों में सिल्ट की सफाई न होने व क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत के लिए प्रार्थना पत्र दिए। डीएम ने चंद्रप्रभा प्रखंड के एक्सईएन को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। इस मौके पर एसपी संतोष कुमार सिंह, सीडीओ डॉ.एके सिंह, डीएफओ आरपी सिंह, एसडीएम प्रदीप कुमार, तहसीलदार शैलेंद्र कुमार, सीओ कुंवर प्रभात सिंह रहे। चंदौली संवाददाता के अनुसार सदर तहसील में एसडीएम अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आए 48 प्रार्थना पत्रों में एक का निस्तारण हुआ। इस दौरान एएसपी प्रेमचंद्र, बीडीओ एमपी चौबे, नायब तहसीलदार अमित त्रिपाठी, कोतवाल लक्ष्मणपर्वत रहे। नौगढ़ संवाददाता के अनुसार स्थानीय विकास खंड के सभागार में अपर आयुक्त प्रशासन वाराणसी मंडल महेंद्र कुमार राव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 34 फरियादियों ने प्रार्थना पत्र दिया जिसमें मात्र दो का ही मौके पर निस्तारण हुआ। इस मौके पर एएसपी नक्सल वीरेंद्र सिंह. एसडीएम विजय नारायण सिंह, तहसीलदार आनंद कुमार कनौजिया, सीओ नक्सल नीरज सिंह रहे। नियामताबाद संवाददाता के अनुसार मुगलसराय तहसील सभागार में एसडीएम कुमार हर्ष की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 80 प्रार्थना पत्र पड़े। इनमें किसी का निस्तारण नहीं हुआ। इस मौके पर तहसीलदार लालता प्रसाद, नायब तहसीलदार नीलम तिवारी, बीडीओ रक्षिता सिंह, बीईओ सुरेश सिंह, रजिस्ट्रार कानूनगो श्याम सुंदर गुप्ता रहे। सकलडीहा संवाददाता के अनुसार तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 67 शिकायती पत्र पड़े, इसमें पांच का निस्तारण हुआ। इस मौके पर एसडीएम राम सजीवन मौर्य, तहसीलदार नुपूर सिंह, सीओ प्रदीप सिंह चंदेल, कोतवाल तेज बहादुर सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र बहादुर सिंह, बीडीओ गुलाबचंद सोनकर रहे।
चकिया। संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम ने तहसील परिसर में लगे आरओ का उद्घाटन किया। कहा कि तहसील परिसर में आने वाले लोगो को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन का दायित्व है। इस मौके पर कई अधिकारी व तहसीलकर्मी मौजूद थे।
नौगढ़द्य अमृतपुर गांव में ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान के द्वारा की गई धांधली की शिकायत डीएम से करना शिकायतकर्ता को तब महंगा पड़ गया जब उसे ग्राम पंचायत सचिव गुड्डू प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने उठाकर थाने पर बैठा लिया। शिकायतकर्ता बलवंत यादव के खिलाफ संपूर्ण समाधान दिवस में आए अपर आयुक्त प्रशासन को पंचायत सचिव गुड्डू प्रसाद ने प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि आरोपी मोबाइल पर धमकी दे रहा है। इसपर जेडी ने एएसपी नक्सल को मुकदमा दर्ज करा कर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने को कहा। इसके बाद पुलिस आनन-फानन में शिकायतकर्ता को घर से पकड़कर ले आई और थाने पर बैठा दिया। रिपोर्ट व संपादन- धनंजय