होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन 2118 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। रविवार को दूसरे दिन जिले के 11 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित इस परीक्षा में 8256 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों को जांच के बाद प्रवेश दिया गया। रविवार को पहली में 4128 अभ्यर्थियों में कुल 1023 अनुपस्थित रहे जबकि दूसरी पाली में 4128 अभ्यर्थियों में 1095 ने परीक्षा से दूरी बना ली। परीक्षा के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार चक्रमण करते रहे। परीक्षा को नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया था, वहीं, ड्रोन के माध्यम से भी लगातार निगरानी की गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई थी।
जिले के सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर तत्काल सूचना देने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किए गए हैं। आगे भी कड़ी निगरानी में परीक्षा कराए जाएंगे। - अनंत चंद्रशेखर, एएसपी चंदौली