होली पर घर पहुंचने की जल्दी में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पर्व की पूर्व संध्या पर स्पेशल और नियमित दोनों तरह की ट्रेनें 12 से 14 घंटे तक विलंब से चल रही हैं। अनिश्चित समय सारिणी के कारण यात्री घंटों स्टेशन पर इंतजार करने को मजबूर हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से होकर 30 स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। होली के बाद भी 21 स्पेशल ट्रेनों का संचालन विभिन्न शहरों के लिए किया जा रहा है। हालांकि इन ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान का निश्चित समय स्पष्ट न होने से यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। मंगलवार दोपहर ढाई बजे तक अप लाइन की कई ट्रेनें लेट रहीं। बलसाड़–दानापुर स्पेशल आठ घंटे, खुर्दा रोड–आनंद विहार टर्मिनल तीन घंटे, पटना–नई दिल्ली होली स्पेशल डेढ़ घंटे, धनबाद–दिल्ली होली स्पेशल और शेखपुरा–नई दिल्ली होली स्पेशल एक-एक घंटे देरी से चल रही थीं। फिरोजपुर कैंट–धनबाद स्पेशल पांच घंटे, हावड़ा–नई दिल्ली एसी होली स्पेशल सवा चार घंटे, कोलकाता–जयपुर वन-वे होली स्पेशल एक घंटे, मुंबई–दानापुर स्पेशल साढ़े तीन घंटे, दानापुर–एसएमवीटी बेंगलूरू स्पेशल फेयर दो घंटे और दानापुर–आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस डेढ़ घंटे लेट रही। पटना–अमृतसर होली स्पेशल साढ़े छह घंटे विलंबित रही।
डाउन लाइन की ट्रेनों की स्थिति भी कुछ बेहतर नहीं रही। आनंद विहार–पूरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस सवा पांच घंटे, दानापुर–चर्लापल्ली स्पेशल फेयर नौ घंटे, दानापुर–पुणे होली स्पेशल ढाई घंटे और हसनपुर रोड–उधना स्पेशल साढ़े दस घंटे लेट रही। चंडीगढ़–पाटलिपुत्र सुपरफास्ट एक घंटे, योग नगरी ऋषिकेश–कोलकाता होली स्पेशल सवा घंटे, दानापुर–रानी कमलापति स्पेशल पौने तीन घंटे और ब्रह्मपुत्र मेल सवा तीन घंटे विलंबित रही। अमृतसर–पटना स्पेशल फेयर होली स्पेशल 11 घंटे, उधना–मालदा टाउन होली स्पेशल सात घंटे तथा एसएमवीटी बेंगलूरू–दानापुर स्पेशल साढ़े आठ घंटे देरी से चल रही थी।
ट्रेनों की लगातार देरी से यात्रियों में नाराजगी देखी गई। कई यात्री प्लेटफॉर्म पर घंटों इंतजार करते नजर आए। यात्रियों ने समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।