कंदवा। सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढों की भरमार होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। सड़क पर प्रत्येक मीटर पर एक बड़ा गड्ढा है। डेढ़ दशक से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। इसके चलते एक महीने में 36 हादसे हुए और 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
नौ नवंबर को कंजेहरा गांव के पास गड्ढों से बचने के चक्कर में बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में करंडा थाना क्षेत्र के गजाधरपुर गांव निवासी बबलू गिरी (45) वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं आठ नवंबर को धमीना गांव के पास बने गड्ढों से बचने के चक्कर में दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में कोरमी गांव निवासी रजनीकांत राय उर्फ छोटे राय (40) और धीना थाना क्षेत्र के बेटाडीह गांव निवासी राजू राम (26) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके पहले 20 सितंबर को मरूई गांव के पास बने गड्ढों से बचने के चक्कर में बाइक और मोपेड की टक्कर में बाइक सवार कुर्रा मोहनिया बिहार निवासी रवि (19) और मनीष (18) और मोपेड सवार सकलडीहा के खड़ेहरा निवासी वृद्ध सूर्यनाथ और 19 सितंबर को रामपुर चौकी के पास गड्ढों से बचने में हुई बाइकों की टक्कर में कंदवा निवासी भाई-बहन कार्तिक राय (19) और आर्या राय (22) व घोसवा गांव निवासी विराज उर्फ बीरू (18) गंभीर रूप से घायल हो गए थे।