कंधरापुर थाना क्षेत्र के दुल्हपार गांव के समीप पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार की सुबह एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में कार में सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से यूपीडा टीम ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी मुताबिक बिहार के कटिहार जनपद के कोठिया थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी प्रवीण कुमार (55) परिवार के साथ दिल्ली जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी पूनम (50), बेटा विनायक राज (23), आदित्य राज (20), सिद्धार्थ तोमर (20) और चालक पिंटू (45) सवार थे। सुबह करीब आठ बजे जैसे ही कार पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कंधरापुर थाना क्षेत्र के दुल्हपार के पास पहुंची, तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। यूपीडा टीम व स्थानीय लोगों ने सभी को बाहर निकालकर मंडलीय अस्पताल भेजा, जहां चालक पिंटू और प्रवीण कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि घायलों का उपचार चल रहा है।