कोतवाली क्षेत्र के हथियानी-भटपुरवां गांव के समीप मंगलवार को एक तेज रफ्तार स्कूली बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में उतर गई। उस वक्त आसपास खेतों में मौजूद किसानों ने स्कूली बच्चों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। संयोग से किसी बच्चे को चोट नहीं आई है।
बच्चों को लेकर एक निजी स्कूल की बस पैतुआं, भटपुरवां होते हुए चंदौली जा रही थी। जैसे ही वह हथियानी तिराहे के समीप भटपुरवां के पास पहुंची कि बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खेत में जाकर तिरछी खड़ी हो गई। आसपास के लोगों ने बस के अंदर फंसे सभी स्कूली बच्चों को बाहर निकाला। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम 100 नंबर पर घटना की सूचना दी। जिस पर सदर कोतवाली पुलिस और एएसपी मौके पर पहुंच गए और बस में सवार बच्चों के बारे में जानकारी ली। इस बीच बच्चों के घरवालों ने बच्चों को सकुशल देख राहत की सांस ली। घटना के बाबत एएसपी शशिकांत तिवारी ने कहा कि स्कूल बस संचालकों की जांच-पड़ताल प्रतिदिन करने का निर्देश दिया गया है, ताकि इस तरह की घटना न हो।
तीन लोग घायल
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर हुई दुर्घटनाओं ने मंगलवार को तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मद्द से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें पहली घटना में नगर की सर्विस रोड पर सुबह बोलेरो की चपेट में आने से भतीजा निवासी 70 वर्षीय वृद्धा लवंगा देवी घायल हो गयी। मौके पर जुटे नागरिकों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद बोलेरो सवार मौके से भाग निकला। वहीं दूसरी घटना क्षेत्र के कांटा गांव के समीप बाइक सवार दुर्गा प्रसाद (35) व रामदुलार (50) दोपहर में बोलेरो की चपेट में आ गए। इसके चलते दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।