कंदवा। तलाशपुर मोड़ के पास मंगलवार को देर रात हाईकोर्ट के अधिवक्ता की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस हादसे में कार सवार अधिवक्ता के मां की मौत हो गई। अधिवक्ता, उनकी पत्नी व भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। अधिवक्ता गाजीपुर के मनिया गांव के एक रिश्तेदार के यहां जनाजा में शामिल होकर लौट रहे थे।
दिलदारनगर थाना क्षेत्र के बहुअरा गांव निवासी हाईकोर्ट के अधिवक्ता इमरान खान (40) अपने परिवार के साथ मनिया गांव में किसी रिश्तेदार की मौत पर मिट्टी देने आए थे। मिट्टी देने के बाद वे अपनी कार से वापस प्रयागराज लौट रहे थे। कार में उनके साथ भाई अकालिक खान (35), पत्नी नाजरीन बेगम (38) और मां अफसरी बेगम (65) भी सवार थीं। कार इमरान चला रहे थे। रास्ते में तलाशपुर मोड़ के समीप दिशा सूचक बोर्ड के अभाव में कार अनियंत्रित होकर पुलिया के बगल से नहर में जा गिरी। इससे अफसरी बेगम और नाजरीन बेगम समेत तीन लोग घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने सभी घायलों को तत्काल दिलदारनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान अफसरी बेगम की मौत हो गई। वहीं नाजरीन का पैर टूटने के कारण इलाज चल रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन मृतका का शव घर ले गए। हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। प्रभारी निरीक्षक दयाराम गौतम ने बताया कि कार मनिया भदौरा से प्रयागराज जा रही थी। रास्ते में हादसा हुआ है।