चंदौली। मुख्यालय पर सदर कोतवाली परिसर में पुलिस विभाग का रोडियो कार्यालय है। रेडियो विभाग में तैनात दरोगा योगेंद्र राय (ज्ञानवापी में संबद्ध) की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। दरोगा की मृत्यु के पश्चात कोराना पाजिटिव होने की रिपोर्ट प्राप्त हुई। वहीं शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के लोगों ने सदर कोतवाली परिसर में पहुंच 50 पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की। इसके अलावा कोतवाली के कुछ हिस्से को भी सील कर दिया गया।
पुलिस के रेडियो विभाग में तैनात दरोगा योगेंद्र राय की तबीयत पिछले दिनों खराब हो गई थी। 14 जून को वे वाराणसी स्थित अपने घर चले गए। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। लेकिन कोरोना के लक्षण होने की वजह से अस्पतालों ने भर्ती करने से इंकार कर दिया। इसके बाद बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। संक्रमित के संपर्क में रहे पुलिसकर्मियों को तत्काल क्वारंटीन करा दिया गया। रेडियो विभाग समेत कोतवाली परिसर के कुछ हिस्से में बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया। शनिवार की सुबह चिकित्सकों की टीम कोतवाली पहुंची। सभी पुलिस कर्मियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। साथ ही 50 पुलिसकर्मियों का सैंपल इकट्ठा किया। सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेज दिया गया है। जिले में पुलिस विभाग में कोरोना संक्रमण का यह पहला मामला है। इसके चलते विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एडीएम संजय कुमार ने बताया कि बीएचयू प्रशासन से प्राथमिकता के आधार पर सैंपल की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।