क्षेत्र के ग्राम पंचायत लेढ़ुआपुर (शकूराबाद) के ग्रामीणों ने नया राशनकार्ड नहीं बनवाए जाने से नाराज होकर मंगलवार को ग्राम प्रधान कार्यालय पर प्रधान का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना रहा कि दो बार फार्म भरा गया। इसके पश्चात आन लाइन फार्म भी भरा गया, लेकिन अब तक राशन कार्ड बनवाए जाने की प्रक्रिया ग्राम प्रधान द्वारा शुरू नहीं की जा सकी है।
कहा कि अगर शीघ्र ही नया राशनकार्डं नहीं बनवाया गया तो हम लोग कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे। ग्रामीणों का कहना था कि प्रधान द्वारा हम लोगों से तीन माह पूर्व तीन बार नए राशन कार्ड बनवाने के लिए फार्म भरवाया गया
जिसमें एक बार आन लाइन फार्म भी भरा गया था। तीन माह बीत जाने के बाद भी जब राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो ग्रामीण प्रधान गुफरान मोहम्मद सिद्दीकी से मिले और देरी होने का कारण जानना चाहा।
ग्राम प्रधान जब ग्रामीणों को अपने उत्तर से संतुष्ट नहीं कर सके तो ग्रामीणों ने उनके कार्यालय पर ही उनका घेराव कर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
अशोक यादव, हाजी जमालुद्दीन, मोइनुद्दीन, शमीम अहमद, अशरफ अली, इमरान अहमद, शमीम बाबू, बदरुद्दीन, बरसाती यादव, पंचम यादव, श्याम नारायण आदि ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि आन लाइन करने में हम लोगों का 50 से 60 रुपये खर्च हो गया
लेकिन राशन कार्ड बनवाने की जगह ग्राम प्रधान दोबारा आन लाइन फार्म भरने के लिए दबाव बना रहे है। ग्रामीणों ने कहा कि या तो हम लोगों का नि:शुल्क आन लाइन फार्म भरवाने की व्यवस्था प्रधान करें या फिर पुराने भरे गए फार्म को स्वीकृत कराकर नया राशन कार्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर प्रधान शीघ्र ही हमारी समस्या का हल नहीं निकालते तो हम लोग जिलाधिकारी का भी घेराव करेंगे।