नगर पंचायत द्वारा गंगा रोड की तरफ जाने वाले रास्ते पर बनी पुलिया निर्माण के चंद दिन बाद ही दरकने लगी है। पुलिया का एक हिस्सा तेजी से धंस रहा है। इसके अलावा पुलिया में कई जगह दरारें पड़ गई हैं। लोगों की शिकायत है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण में मानक की जमकर अनदेखी की गई है।
गंगा रोड की तरफ जाने वाले रास्ते पर नाली के पानी की निकासी के लिए नगर पंचायत द्वारा पुलिया का निर्माण लगभग एक लाख में कराया गया। ठेकेदार द्वारा वहां लगी पाइप को निकाल कर पुलिया का निर्माण कार्य शुरू किया गया। ठेकेदार द्वारा दो हिस्से में पुलिया का निर्माण किया गया। इसके बाद लोगों का आवागमन शुरू हुआ। पुलिया निर्माण को अभी एक माह भी नहीं हुए हैं कि पुलिया के ऊपरी हिस्से में दरारें पड़ने लगीं। इसके अतिरिक्त पुलिया का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार ने निर्माण में मानक की जमकर अनदेखी की है। सीमेंट सहित अन्य निर्माण सामग्री दोयम दर्जे की थी, जिसका विरोध किया था, लेकिन ठेकेदार ने अनदेखा कर दिया।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष मीनाक्षी यादव ने कहा कि उक्त पुलिया की जांच कराई जाएगी तथा दोषी ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।