पीडीडीयू नगर। नगर के लोगों के लिए यह खबर किसी खुशखबरी से कम नहीं है। नगर स्थित सुभाष पार्क में आठ लाख रुपये की लागत से ओपेन जीम बनने जा रहा है। ओपेन जीम में कसरत करने के लिए अत्याधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। सात अलग-अलग मशीनें नगर पालिका में पहुंच चुकी हैं। इनको लगाने का काम भी शुरू हो गया है। दस दिनों में ही लोगों को इसकी सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
नगर पालिका क्षेत्र में छोटे-छोटे पार्क होने के कारण लोग ठीक तरीके से व्यायाम नहीं कर पाते हैं। हल्की कसरत कर शरीर को तंदरुस्त रखने के लिए लोग निजी जिमों में जाकर मोटी फीस भरते हैं। काफी सघन होने के चलते नगर में ऐसे खुले स्थानों की भी कमी है जहां लोग कसरत कर सकें या फिर वहां ऐसी सुविधाएं हों। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ओपन जिम खोलने की तैयारी में लगा है। आठ लाख रुपये की लागत से नगर के सुभाष पार्क में ओपन जिम से संबंधित उपकरण लगवा रहा है। सुभाष पार्क में बन रहे ओपन जिम में चेस्ट प्रेस, लेग प्रेस, सिंगल एयर वॉकर, डबल एयर वॉकर जैसे उपकरण लगाये जा रहे हैं। इन उपकरणों के माध्यम से लोग पेट, जांघ , पैर, छाती की बेहतर कसरत कर सकेंगे। इसके अलावा पार्क में बैठकर योगा भी कर सकेंगे। पार्क में कारीगर जिम के उपकरणों को स्थापित करने के कार्य में लगे हुए है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही ओपन जिम लोगों के लिए खुल जाएगा।
आठ लाख रुपये की लागत से सुभाष पार्क में उपकरण लगाये जा रहे हैं। दस दिनों के भीतर जिम आम लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। इन उपकरणों की मदद से युवा से लेकर बुजुर्ग नागरिक तक को इसका लाभ मिलेगा। -संतोष खरवार, चेयरमैन, पीडीडीयू नगर