पीडीडीयू नगर। जिले में विभिन्न बैंकों की ओर से 60 एटीएम सेंटर खोले गए हैं। इनमें से 40 एटीएम सेंटर से सुरक्षा गार्ड हटा दिए गए हैं। अब इनकी सुरक्षा भगवान भरोसे हो रही है। बैंक प्रबंधन और जिला प्रशासन की लापरवाही से लूटपाट और ठगी की घटनाएं बढ़ सकती हैं। वहीं, गार्ड हटाने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एटीएम से पैसा निकालने में कठिनाई हो रही है।
जिले में स्थित एटीएम केंद्रों से बैंकों ने सुरक्षाकर्मी हटा दिए हैं। वहीं, पुलिस ने भी सुरक्षा के कोई उपाय नहीं किए। ज्यादातर एटीएम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। जिले में 60 एटीएम सेंटर हैं, जिनमें से सिर्फ 20 में सुरक्षाकर्मी की तैनाती है। हालांकि इनके पास भी कोई हथियार नहीं होता है। ऐसे में अपराधी कभी भी एटीएम को अपना निशाना बना सकता है। वहीं, एटीएम से रुपये निकालने वाले ग्राहकों के लिए भी खतरा बढ़ गया है।
इनसेट.......
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को होती है परेशानी
सुरक्षा गार्ड हटाने के कारण ग्रामीण क्षेत्र के लोगों, खासकर महिलाओं को एटीएम से पैसा निकालने में परेशानी होती है। बहुत से ग्राहक एटीएम का संचालन नहीं कर पाते। ऐसे ग्राहक सुरक्षा की मदद से पैसा निकालते हैं। अब अनजान व्यक्ति से सहायता लेने में वे ठगी का शिकार भी हो सकते हैं।
कोट.......
बैंक और एटीएम को सुरक्षा की जिम्मेदारी जिला प्रशासन व बैंक प्रबंधन की है। एटीएम में 24 घंटे गार्ड रखने और सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी एटीएम सेंटर पर सुरक्षा गार्ड नियुक्त कराए जाएंगे। - मनोज कुमार बर्नवाल, एलडीएम, चंदौली।