पीडीडीयू नगर। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ चल रहे युद्ध में हर कोई अपने स्तर पर भूमिका निभा रहा हे। मंगलवार को विभिन्न गांवों के प्रधान, प्रधान संघ के सदस्यों ने जहां सीएम केयरफंड में सहयोग राशि प्रदान की। वहीं इलिया के दरोगा ने अपने वेतन का 75 हजार रुपये सीएम केयर फंड में दान किए।
धानापुर संवाददाता के अनुसार कोविड़-19 महामारी से लड़ने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की आर्थिक सहायता करने के लिए ग्राम प्रधानों के आगे आने का क्रम शुरू है। इस क्रम में बौरी ग्राम प्रधान पूनम यादव के पति अजय यादव ने मंगलवार को नियामताबाद ब्लॉक पर एडीओ पंचायत रविंद्र कुमार सिंह को 14 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। एडीओ ने चेक को सीएम कोविड केयर फंड में भेज दिया है। धानापुर संवाददाता के अनुसार ग्राम प्रधान संघ ने एक लाख नब्बे हजार पांच सौ रूपये की सहयोग राशि जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल को बैंक ड्राफ्ट व चेक के माध्यम से सौंपा। इसमें 51 ग्राम सभा के ग्राम प्रधानों ने सहयोग किया। प्रधान संघ के अध्यक्ष व नेगुरा ग्राम प्रधान दिलीप सिंह ने 11, सिलौटा प्रधान इंद्रजीत यादव ने 10, अमादपुर प्रधान सियाराम यादव ने पांच हजार व अन्य ग्राम प्रधानों ने 35-35 सौ रुपये का सहयोग किया। धानापुर ब्लाक के ग्राम प्रधान अब तक दो लाख ग्यारह हजार रूपये की सहायता राशि सौंप चुके हैं। इस दौरान डीपीआरओ ब्रह्मचारी दूबे, बीडीओ सुशील मिश्रा, एडीओ बैजनाथ प्रसाद, प्रधान संघ अध्यक्ष दिलीप सिंह, अभय सिंह, सर्वजित सिंह, विकास राय आदि लोग मौजूद रहे। इलिया संवाददाता के अनुसार स्थानीय थाने पर तैनात उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडेय ने पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल के यहां 50 हजार रूपये प्रधानमंत्री राहत कोष तथा 25 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष (कुल 75 हजार रुपये) की धनराशि चेक सौंपा। एसपी ने उपनिरीक्षक की इस नेक कार्य की प्रशंसा करते हुए बधाई व शुभकामनाएं के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।