पीडीडीयू नगर। रेलवे की ओर से युवाओं को दिए जा रहे रेल कौशल विकास योजना प्रशिक्षण के बाद मंगलवार को प्रमाण पत्र दिया गया। पीडीडीयू नगर के गया कॉलोनी स्थित इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन प्रशिक्षण केंद्र में 20 युवकों को प्रशिक्षण के बाद प्रमाण पत्र दिया गया। वहीं पूर्व मध्य रेलवे के भी प्रशिक्षण केंद्रों पर कुल 76 लोगों को प्रमाण पत्र सौंपा गया।
रेलवे की ओर से युवाओं को उद्योग आधारित प्रशिक्षण देकर कुशल और रोजगार के लिए सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में 12 सितंबर से एक अक्तूबर तक पूर्व मध्य रेल के सिगनल एवं दूरसंचार प्रशिक्षण केंद्र/दानापुर, पर्यवेक्षक प्रशिक्षण केंद्र एवं यांत्रिक कारखाना/समस्तीपुर, सवारी डिब्बा मरम्मत कारखाना/हरनौत और इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन प्रशिक्षण केंद्र/पं.दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 12 वें बैच के रूप में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद 76 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र दिया गया। इस योजना के तहत पूर्व मध्य रेल के इन प्रशिक्षण केंद्रों पर अब तक कुल 900 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 12वें बैच में पीडीडीयू नगर में 20, समस्तीपुर में 19, हरनौत में 21 युवकों को प्रशिक्षण दिया गया।