रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे कैरेज एंड
वैगन विभाग के एक कर्मचारी के कार्य करने के दौरान चालक ने मालगाड़ी बढ़ा
दी।
कर्मचारी ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। इसे लेकर कर्मचारी और
लोको पायलट के बीच जमकर नोकझोंक हुई। इधर घटना से क्षुब्ध अन्य कर्मचारियों
ने भी इसका विरोध किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मंडल के अधिकारी व
आरपीएफ के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।
बुधवार की सुबह लगभग साढ़े
नौ बजे प्लेटफार्म संख्या तीन पर मिर्जापुर रूट से एक मालगाड़ी आकर रुकी।
इसके बाद कैरेज एंड वैगन के कर्मचारियों ने नियमानुसार मालगाड़ी की जांच
की। इसी दौरान ट्रेन के गार्ड सुनील कुमार सिंह ने बताया उनकी बोगी का
ब्रेक खराब हो गया है।
जिसे ठीक किया जाए। जिस पर कर्मचारी अनूप कुमार ने
अपने अधिकारी को वाकी-टाकी से सूचना दी और इंजन के आगे स्टाप बोर्ड लगाकर
रख देने के लिए कहा।
इस बीच वह गार्ड बोगी के नीचे घुसकर अपने कार्य में लग
गया। तभी मालगाड़ी की क्रू चेंजिंग के बाद तैनात चालक प्रकाश शर्मा ने
सिग्नल ग्रीन होने पर मालगाड़ी आगे बढ़ा दी। काम कर रहा कर्मचारी किसी
प्रकार ट्रैक के नीचे से निकल गया।
इस संबंध में जनसंपर्क अधिकारी
पूर्व मध्य रेलवे मुगलसराय बी राम ने बताया कि उक्त मामले में किसी भी
कर्मचारी पर कार्रवाई नहीं की गई है।