फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: कार के गियर बॉक्स के नीचे रखा था 3.92 करोड़ का सोना, दो गिरफ्तार

विज्ञापन
चंदौली में बरामद सोना। स्रोत : पुलिस
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। चंदौली कोतवाली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने बुधवार की सुबह सात बजे नवही पुलिया के पास एक कार से 3.92 करोड़ रुपये का सोना बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद सोने का वजन 2.565 किलो था। आरोपियों ने सोना कार के गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए गुप्त बॉक्स में छिपा रखा था। पुलिस के अनुसार सोना पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से दिल्ली ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के बाद पुलिस ने बरामद सोना राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) को सुपुर्द कर दिया।
विज्ञापन

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि स्वाट/एसओजी टीम और चंदौली कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की कार से दो लोग बिहार की ओर से अवैध पीली धातु लेकर दिल्ली जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर बिहार की ओर से आने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया। चालक ने कार को साइड से निकालकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोक लिया। कार सवार दोनों लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के सांगली जिले के निवासी जुबेर मुबारक शेख और हरियाणा के फतेहाबाद निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने बताया कि कार के गियर बॉक्स के नीचे विशेष बॉक्स बनाकर उसमें सोना छिपाया गया है। पकड़े जाने के डर से उन्होंने कार भगाने का प्रयास किया था।
विज्ञापन

पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर गियर बॉक्स के नीचे बने गुप्त बॉक्स को खुलवाया। इसमें कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे रंग के सेलो टेप से लपेटकर रखी गईं सोने की दो सिल्लियां बरामद हुईं। आरोपी इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
इसके बाद आयकर विभाग और राजस्व आसूचना निदेशालय के अधिकारियों को बुलाया गया। तौल कराने पर सोने का वजन 2 किलो 565.720 ग्राम निकला। इसकी कीमत करीब 3.92 करोड़ रुपये बताई गई है। आयकर विभाग के अनुसार सोना विदेश निर्मित है। कार्रवाई पूरी होने के बाद सोना राजस्व आसूचना निदेशालय को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर सोने के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
इनसेट-
सोना पहुंचाने के लिए मिलते थे 25 हजार रुपये
पीडीडीयू नगर। पश्चिम बंगाल से दिल्ली तक सोने की तस्करी का खेल काफी पुराना है। पहले इसके लिए ट्रेन का इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन अब सड़क मार्ग से भी सोने की खेप पहुंचाई जा रही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्हें सोने की खेप दिल्ली पहुंचाने के लिए 25 हजार रुपये मिलते थे। दोनों अब तक चार बार सड़क मार्ग से सोना दिल्ली पहुंचा चुके हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में यह कार खड़ी मिली थी। वहां से कार लेकर उन्हें दिल्ली पहुंचना था। पुलिस के अनुसार बरामद सोने की सिल्लियां संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) निर्मित बताई गई हैं। संवाद

चंदौली में बरामद सोना। स्रोत : पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें