धानापुर। क्षेत्र के बंधवापार गांव में 18 वर्षीय युवती का शव रविवार को सुबह कमरे में फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचित किए बना शव को गंगा नदी में बहा दिया। फुफेरे भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से शव को तलाशने में जुटी रही।
बंधवापार सकरारी निवासी संजय लाइनमैन अपनी पत्नी के साथ खेत से काम करने गए थे। जब वह घर लौटे तो बेटी ममता (18) का कमरा अंदर से बंद था। आवाज देने और खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो वह छत पर लगे कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटकती हुई थी। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद परिजनों ने शव को गंगा में प्रवाहित कर दिया।
उधर, युवती के फुफेरे भाई ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी। कुछ देर बाद सीओ और थानाध्यक्ष ने युवती के घर पहुंचकर जानकारी ली और गोताखोरों को लगाकर गंगा में शव की तलाश करवाने लगे। देर शाम तक शव बरामद नहीं हो सका। थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। गोताखोरों से शव की तलाश कराई जा रही है।