पीडीडीयू नगर। एनसीसी 91 यूपी बटालियन का कैडेट और पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज की छात्रा आश्रित बारी का चयन दिल्ली छावनी में आयोजित कैंप के लिए हुआ है। बृहस्पतिवार को कॉलेज में आयोजित समारोह में छात्रा को सम्मानित किया गया।
बताया गया कि एनसीसी कैडेटों का एक शिविर हर साल एक से 29 जनवरी तक परेड ग्राउंड, दिल्ली छावनी में आयोजित है। शिविर में प्रत्येक वर्ष लगभग 2,200 कैडेट भाग लेते हैं, जो पूरे भारत से चुने होते हैं। महीने भर चलने वाले शिविर के दौरान प्रशिक्षण, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं और राष्ट्रीय एकता जागरूकता कार्यक्रमों में अंतर निदेशालय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। एनसीसी के 75 वर्ष पूरे होने परशिविर में महिला सशक्तिकरण विषय को प्रस्तुत करने के लिए एनसीसी यूपी निदेशालय को चयनित किया गया है। इसमें पूरे यूपी से 14 बालिकाओं का चयन हुआ है। उन 14 बालिकाओं में 91 यूपी बटालियन एनसीसी की कैडेट्स आश्रित बारी का भी चयन हुआ है। ये 14 बालिकाएं इस शिविर में शिरकत करने के लिए गुवाहाटी से दिल्ली साइकिल से जाएंगी। इसके लिए बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल पीके मिश्र ने आश्रित बारी को साइकिल समेत आवश्यक किट प्रदान किए। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर अमरेंद्र कुमार, लेफ्टिनेंट मुखराम समेत सभी शिक्षक उपस्थित थे।