धानापुर के अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी
पीडीडीयू नगर। धानापुर ब्लॉक के शहीद गांव स्थित अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बुधवार को मंडल स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए गाजीपुर की टीम ओवरऑल चैंपियन रही। वहीं, वाराणसी को दूसरा और मेजबान चंदौली को तीसरा स्थान मिला। पिछले दो वर्ष से जौनपुर की टीम प्रतिभाग नहीं कर रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक आशीष विद्यार्थी ने किया। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी केवल खेल नहीं, बल्कि जीवन का पाठ है। इसमें एकाग्रता, अनुशासन और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना जरूरी है। जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन तीरंदाजी यह सिखाती है कि हर बार तीर छूटने के बाद दोबारा धनुष तानकर लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।
प्रतियोगिता में गाजीपुर के यश मौर्य ने रिकर्व वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वाराणसी की आदिति सिंह ने इंडियन राउंड और गाजीपुर की खुशी कुशवाहा ने कंपाउंड वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग के इंडियन राउंड में ज्योति प्रथम रहीं, जबकि सब-जूनियर वर्ग में खुशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
खेल शिक्षक हरीश श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में तीरंदाजी एकेडमी की कमी के कारण खिलाड़ियों को परेशानी हो रही है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मोतीलाल ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का आभार जताया। प्रतियोगिता व्यायाम शिक्षक हरीश श्रीवास्तव की देखरेख में संपन्न हुई। संचालन अमरेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान जनपदीय खेल सचिव अरुण कुमार, भरत सिंह, उपेंद्र सिंह, राकेश राय, इंद्रजीत पटेल, मनोज सिंह, अजित सिंह, मेजर लाल बिहारी प्रसाद, संतोष कुमार, आशुतोष सिंह, रामप्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।