फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: पीडीडीयू जंक्शन के दोनों गेट पर लगवाएं लिफ्ट और एस्केलेटर

विज्ञापन
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाया जाए। वहीं स्टेशन पर यात्रियों के लिए चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए दाेनों प्रवेश द्वार पर एस्केलेटर के साथ लिफ्ट की व्यवस्था की जाए। यह मांग डीआरएम ऑफिस में शुक्रवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के संसदीय समिति की बैठक में सांसदों ने उठाई। बैठक में चंदौली स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के साथ मंडल के 50 रेलवे अंडरपास में जल भराव की समस्या को दूर करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। यही नहीं रेलवे की परियोजनाओं को समय से पूरा करने की भी मांग की गई। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने यूपी, बिहार और पूर्वांचल के सांसदों को उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

बैठक की शुरुआत पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सांसदों और उनके प्रतिनिधियों का स्वागत कर किया। उन्होेंने सांसदों को यात्री सुविधा की दिशा में किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी। कहा कि इस वर्ष जनवरी-फरवरी में प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेला के दौरान 1760 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अस्थायी होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट काउंटर तथा भीड़ प्रबंधन के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर 22 एटीवीएम लगाई गई। 12 स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। 21 अन्य स्टेशनों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। पीडीडीयू मंडल के 15 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य किया जा रहा है। चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन को अमृत भारत के तहत वर्ल्ड क्लास बनाने की मांग की। कहा कि यहां शौचालय, रेस्ट हाउस, वेटिंग हॉल आदि के सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कुचमन रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने धीना स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के विकास के साथ रेलवे कॉलोनियों की स्थिति सुधारने की मांग की। भाजपा की राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने चंदौली में एक्सप्रेस ट्रेनों की ठहराव की मांग की। वहीं सांसद दर्शना सिंह ने भी पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों के लिए चिकित्सा व्यवस्था करने, प्लेटफॉर्म-3 और 4 पर शौचालय निर्माण की मांग की। सासाराम के कांग्रेस सांसद ने वंदेभारत और राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग करते हुए रेलवे अंडर पास में जल भराव की समस्या को दूर करने का मुद्दा उठाया। कहा कि पीडीडीयू मंडल में 50 अंडर पास हैं लेकिन बारिश होते ही उसमें पानी भर जाता है। बैठक में आरा के भाकपा माले सांसद सुदामा प्रसाद, काराकाट के भाकपा माले सांसद राजाराम सिंह, गया के हम सांसद और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के प्रतिनिधि राजेश कुमार पांडेय, बक्सर के राजद सांसद सुधाकर सिंह के प्रतिनिधि अजीत, औरंगाबाद के राजद सांसद अभय कुमार सिन्हा के प्रतिनिधि संजय कुमार के साथ डीआरएम उदय सिंह मीना, एडीआरएम दिलीप कुमार, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें