पीडीडीयू नगर। गया से नई दिल्ली के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस नौ स्टेशनों पर रुकते हुए 20 घंटे में दिल्ली पहुंचेगी। यह शाम चार बजे गया से चलेगी और अगले दिन दोपहर 12 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। प्रधानमंत्री 22 अगस्त को गया से इसको हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दिन यह ट्रेन उद्घाटन स्पेशल के रूप में चलेगी।
पूर्व मध्य रेलवे की ओर से जारी पत्र के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के गया से 22 अगस्त को गया-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली कोडरमा फास्ट मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। विभिन्न स्टेशनों पर दोनों ट्रेनों का स्वागत किया जाएगा। हालांकि पहले दिन दोनों ट्रेनें स्पेशल के रूप में चलेंगी। रेलवे बोर्ड के कोचिंग निदेशक संजय आर नीलम के हस्ताक्षर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार गया नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का नंबर अप में 13697 और डाउन में 13698 होगा। यह ट्रेन गया और नई दिल्ली के बीच अनुग्रह नरायन रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सुबेदारगंज, गोविंदपुरी, टूंडला और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर रुकेगी।
यह ट्रेन गया से रविवार और बृहस्पतिवार को जबकि दिल्ली से सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। गया से यह ट्रेन शाम साढ़े चार बजे चलेगी और अगले दोपहर 12 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वहीं दिल्ली से दोपहर ढाई बजे चलकर अगले दिन सुबह नौ बजे से गया पहुंचेगी। इस ट्रेन में पीडीडीयू जंक्शन और गोविंदपुरी में पानी भरा जाएगा। हालांकि नोटिफिकेशन में यह ट्रेन नियमित रूप से कब से चलेगी इसका जिक्र नहीं है। इसका निर्णय पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारी लेंगे। आशा है कि उद्घाटन के दो अथवा तीन दिन बाद यह ट्रेन नियमित रूप से चलने लगेगी। वहीं वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन ने बताया पीडीडीयू जंक्शन पर समारोहपूर्वक ट्रेन का स्वागत किया जाएगा।