बिहार से अहरौरा होते हुए वाराणसी ले जाया जा रहा था गांजा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकारगंज। चकिया के संत रविदास मंदिर के पास मुडहुआ दक्षिण गांव के पास से पुलिस ने 4.5 लाख के गांजा के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास 17 किलो 800 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बिहार से गांजा खरीदकर लाया था और उसे अहरौरा होते हुए वाराणसी बेचने के लिए जा रहा था।
चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया सोमवार की भोर में सूचना मिली कि तस्कर गांजा लेकर बेचने की फिराक में है। क्षेत्र के संत रविदास मंदिर के पास मुडहुआ दक्षिणी गांव के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। आरोपी की पहचान चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बैगाढ़ गांव निवासी राजू के रूप में हुई। आरोपी के पास एक मोटरसाइकिल भी मिली है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।