राबर्ट्सगंज के सपा सांसद ने ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की अनदेखी का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र - 05
नौगढ़, चंदौली। राबर्ट्सगंज के सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने सोमवार को संसद में पेश बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कई बार सदन में चकिया विधानसभा क्षेत्र से नौगढ़–सोनभद्र के लिए रेल लाइन की मांग उठाई है, जो बिहार के भभुआ होते हुए जुड़ सकती है, लेकिन सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया और न ही बजट में इसके लिए कोई प्रावधान किया गया। चकिया विधानसभा क्षेत्र राबर्ट्सगंज संसदीय क्षेत्र में आता है।
बजट को खोखला बताते हुए कहा कि क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों की अनदेखी की गई है। चकिया–नौगढ़ होते हुए सोनभद्र तक फोर लेन सड़क की मांग भी वर्षों से लंबित है, लेकिन बजट में उस पर भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। सांसद खरवार ने कहा कि बजट में वनाधिकार कानून को लेकर कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है। जंगल की जमीन पर पिछले 25 वर्षों से रह रहे लोगों को अब तक वनाधिकार का लाभ नहीं मिल पाया है। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार केवल 70 साल से अधिक समय से वन भूमि पर रह रहे लोगों को ही वनाधिकार मिलना। सांसद ने बताया कि सदन में कई बार इसमें संशोधन करने के लिए बोला गया वनाधिकार कानून पर सुधार और 25 साल से वन भूमि पर रह रहे लोगों को भी वनाधिकार का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 25 पूरे होने पर ही पट्टा मिलना चाहिए। सांसद छोटेलाल खरवार ने जोर देकर कहा कि जब तक सरकार ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की बुनियादी जरूरतों जैसे वनाधिकार, सड़क, रेल, सिंचाई और पेयजल को प्राथमिकता नहीं देगी, तब तक विकास अधूरा ही रहेगा।