चंदौली-वाराणसी रिंग रोड स्थित गंगा पुल पर चार दिनों के बाद निर्माण कार्य पूरा हो गया है। चंदौली एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार पुल पर 10 नवंबर 2025 से चल रहे मरम्मत और निर्माण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके उपरांत बृहस्पतिवार को शाम 4 बजे से पुल पर दोपहिया व चारपहिया वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से बहाल कर दिया गया है।
विज्ञापन
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान पुल के दोनों ओर जोड़ों और डेक रिपेयरिंग का कार्य किया गया था, जिसके कारण सुरक्षा कारणों से आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया था। कार्य पूरा होते ही पुल को परीक्षण के बाद आम जन के लिए खोल दिया गया है।
गंगा पुल पर यातायात बहाल होने से चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और मिर्जापुर की दिशा में आने-जाने वाले वाहनों को बड़ी राहत मिली है। अब वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से होकर लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
विज्ञापन
पूर्व में लागू रूट डायवर्जन व्यवस्था को एनएचएआई और ट्रैफिक पुलिस द्वारा समाप्त कर दिया गया है और सभी संबंधित मार्गों पर सामान्य यातायात व्यवस्था पुनः शुरू कर दी गई है।