अवैध रूप से कनेक्शन लेकर ग्रामीण बिजली से दो मोबाइल टावर चलाए जाने का
आरोप लगाकर वार्ड नंबर दस के लोगों ने रविवार को दोपहर वहां पर खूब हंगामा
किया।
साथ ही उन्होंने इसकी सूचना विभाग के अधिकारियों को देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
वार्डवासियों
का कहना था कि अलीनगर वार्ड नम्बर 13 में एक निजी जमीन पर दो टावर लगे
हैं। जिनमें बिजली सप्लाई हेतु विगत दो साल पूर्व 11 हजार बोल्ट का तार
टावर के संचालक द्वारा खींचकर जोड़ा गया था। जब वार्डवासियों ने विरोध किया
तो सप्लाई बंद हो गई।
वार्डवासियों का कहना है कि विरोध के बाद
टावर जनरेटर से संचालित होने लगा। लेकिन तीन दिन पूर्व टावर संचालक ने
वार्ड के समीप के एक खंभे से कनेक्शन ल लिया। जिससे उपभोक्ताओं के घरों में
ढिबरी से भी कम रोशनी मिलने लगी। भरपूर वोल्टेज न मिलने से वार्डवासी
नाराज हो गये और काफी संख्या में टावर के पास पहुंच गये। लेकिन संचालक मौके
पर वह नहीं था।
तब वार्डवासियों ने इसकी सूचना विद्युत विभाग
को देकर दोनों कनेक्शन को कटवाया। वार्डवासियों का कहना था कि टावर संचालित
करना है तो निजी ट्रांसफार्मर बैठाकर चालू करें। उन्होंने आरोप लगाया कि
इस तरह की हरकत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की मिली भगत से हो रही
है।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में डा. सोनू चौहान, अमीरचंद, पप्पू, राकेश
यादव, सर्फुद्दीन, भाई लाल, यशवंत, बाबू आदि शामिल रहे। इस संबंध में
अधिशासी अभियंता विद्युत एके सिंह ने बताया कि इस तरह की कोई जानकारी मेरे
पास नहीं है। टावर की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।