दोस्तों ने युवक को टहलने के लिए बुलाया और रात को वो वापस नहीं लौटा। घर वाले परेशान हुए और सुबह खेत में उसका शव बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस तफ्तीश कर रही है।
धानापुर थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित बौरहवा बाबा से कुसम्ही जाने वाले मार्ग पर एक खेत में बुधवार की सुबह युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के दोस्तों ने मंगलवार की शाम उसे फोर कर टहलने के लिए बुलाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
मामले में मृतक के भाई ने तीन नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। कस्बा निवासी मुमताज के पुत्र इरफान को मंगलवार की रात आठ बजे मोहल्ले के कुछ दोस्तों ने फोन कर बुलाया था।
इसके बाद सभी टहलने निकल गए थे। देर रात तक इरफान के वापस नहीं आने पर परिजन उसे ढूंढने लगे। भोर के पांच बजे गांव के कुछ लोग टहलने निकले तो खेत में पड़े इरफान को देखकर सन्न रह गए। इसकी जानकारी उन्होंने पुलिस सहित परिजनों को दी। आनन-फानन में पहुंचे परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
इसकी जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के चेहरे पर और सिर पर में चोट के निशान थे। मृतक पांच भाई और चार बहन में सबसे छोटा था। वह सवारी गाड़ी चलाकर परिवार की मदद करता था। चर्चा है कि मृतक गलत संगत में पडकर अपने दोस्तों के साथ नशे का सेवन भी करने लगा था।
युवक की मौत को लेकर कस्बा में कई प्रकार की चर्चाएं हो रही थीं। इस संबंध में थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई अफजाल हाशमी की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार तीन नामजद और कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। कुछ युवकों से पूछताछ की जा रही है।