संवाद न्यूज एजेंसी
नियामताबाद। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ सीएमओ डॉ. वाईके राय ने दीप जलाकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में एड्स की मुफ्त जांच की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही दवाएं भी उपलब्ध हैं।
सीएमओ ने कहा कि एड्स रोग से ग्रसित लोगों की मुफ्त जांच व दवाएं पं. कमलापति त्रिपाठी सहित सभी सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध है।
उन्होंने कार्यक्रम का मूल उद्देश्य लोगों को एड्स की बीमारी के प्रति जागरूक करना है। समाज में एड्स के बारे में भ्रांतियां हैं। इस तरह के कैंप के माध्यम से भ्रांतियां दूर करने की कोशिश की जा रही है। उधर, योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कुष्ठ रोग, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, पंचायत विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी की ओर से स्टॉल भी लगाए गए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा वर्कर और आशा संगिनी को सीएमओ ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला क्षय अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी नियामताबाद डॉ. रविकांत सिंह, चंद्रशेखर मजूमदार, संजय कुमार, प्रतिभा सिंह, आशीष राय, कुंदन सिंह, कमलेश कुमार, नवीन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।