संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर। इन दिनों पड़ाव से गोधना मोड़ तक करीब 15 किलोमीटर में सिक्स व फोरलेन का निर्माण चल रहा है। नगर में नई सट्टी से लेकर वीआईपी गेट तक बन रहे फोरलेन की जद में चार ट्रांसफाॅर्मर आ रहे हैं। जिन स्थानों पर ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं, वहां लेन का निर्माण नहीं हो रहा है।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही अतिक्रमण हटाकर ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभे शिफ्ट किए जाएंगे। इसके बाद सड़क बनवा दी जाएगी।
करीब 328.28 करोड़ की लागत से बन रहे सिक्स व फोरलेन के लिए बड़ी संख्या में पेड़ काटे गए हैं। वहीं लेन की जद में आने वाले बिजली के खंभों व ट्रांसफॉर्मरों को भी हटाया जा रहा है। पेड़ों को काटने का काम वनविभाग ने पूरा कर लिया है जबकि खंभों व ट्रांसफॉर्मरों को हटाने का काम चल रहा है। नगर के बाहरी क्षेत्र नई बस्ती तक सिक्स लेन बनाने के बाद अब नगर में फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। इसका कार्य रेलवे स्टेशन के समीप वीआईपी गेट तक पहुंच गया है। वहीं नगर में नई सट्टी से वीआईपी गेट तक फोरलेन की जद में बिजली के चार ट्रांसफाॅर्मर आ रहे हैं।
नगर में नई सट्टी के अलावा परमार कटरा, गल्ला मंडी वीआईपी गेट के समीप ट्रांसफाॅर्मर लगे हुए हैं। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि जमीन उपलब्ध न होने के कारण ट्रांसफाॅर्मर शिफ्ट नही किए जा सके हैं। शीघ्र ही विभाग की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कर ट्रांसफाॅर्मर शिफ्ट कर दिए जाएंगे। इसके बाद सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा।