स्वास्थ्य विभाग ने चंदौली में सख्त कदम उठाया। शुक्रवार को दिन भर की गई छापेमारी के बाद बिना पंजीकरण संचालित जिले के चार निजी अस्पताल को सील कर दिया गया। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना हाईवे चौराहा से गोधना मोड़ तक छापेमारी हुई।
एसडीएम पीडीडीयू नगर तहसील अविनाश कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना हाईवे चौराहा से गोधना मोड़ तक संचालित निजी अस्पतालों की जांच की। अनियमितता मिलने पर चार अस्पतालों को सील किया गया। वहीं एक अस्पताल पर एफआईआर दर्ज की गई। कार्रवाई से जिले के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप है।
विज्ञापन
एसडीएम अविनाश कुमार ने बताया कि जांच टीम सबसे पहले गोधना हाईवे चौराहा के समीप चरक हॉस्पिटल पहुंची। अस्पताल संचालक से पंजीकरण से संबंधित कागजात नहीं दिखा सका। वही हिमांशु हॉस्पिटल, रामा फ्रैक्चर हॉस्पिटल और धन्वंतरि हॉस्पिटल में भारी अनियमितता मिली। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चारों अस्पतालों को सील कर दिया।
इसके बाद टीम ओम साईंबाबा हॉस्पिटल पहुंची। अस्पताल संचालक बाहर से ताला बंद कर फरार हो गया। जब हॉस्पिटल को खुलवाकर जांच की गई तो उसमें मरीज भर्ती पाए गए। कोई भी स्टाफ नहीं मिला। एसडीएम ने अस्पताल संचालक पर एफआईआर दर्ज कराने को कहा। देर शाम अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।