कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड में पवरा पहाड़ी पर स्थित मां मुंडेश्वरी
मंदिर से लौट रहे दर्शनार्थियों का ट्रैक्टर पलट जाने से चंदौली निवासी चार
लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी।
जबकि दस अन्य घायल हो गए। जिनमें
से छह को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर कर दिया गया। बाकी का इलाज भभुआ सदर
अस्पताल में चल रहा है।
यह घटना भभुआ चैनपुर मार्ग पर सिंचाई विभाग की
कालोनी के पास हुई।
मंदिर से दर्शन करने के बाद गुरुवार की भोर में सभी
दर्शनार्थी ट्रैक्टर से लौट रहे थे। अभी ट्रैक्टर भभुआ-चैनपुर मुख्य मार्ग
पर सिंचाई विभाग की कालोनी के पास पहुंचा था कि एक बोलेरो को बचाने के
चक्कर में पलट गया।
इस हादसे में चंदौली जिले के बलुआ क्षेत्र के ग्राम
पट्टी के निवासी शिवपूजन तिवारी, ग्राम अगस्तीपुर के अरविंद पांडेय और
जयप्रकाश पांडेय तथा ग्राम मजिदहां निवासी कैलाश चौरसिया की घटना स्थल पर
ही मौत हो गयी। जबकि जितेंद्र पांडेय, रणजीत पांडेय, अरुण पांडेय, प्यारी
देवी, संतोष पांडेय, श्रीकांत पांडेय, सुरजा तिवारी, सरस्वती देवी, कौशल्या
देवी और सियाराम खरवार घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे चैनपुर के
थानाध्यक्ष धनंजय कुमार और पुलिस टीम ने सभी घायलों को भभुआ सदर अस्पताल
पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने संतोष, सुरजा तिवारी, सरस्वती, कौशल्या,
सियाराम और श्रीकांत पांडेय को इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
चैनपुर
थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रैक्टर के नीचे दब गए लोगों को निकालने में
स्थानीय लोगों ने बड़ी मदद की।